
ESIC मेडिकल कॉलेजों में 700 सीटें आरक्षित, आवेदन की अंतिम तिथि 21 जून तक
रायपुर। छत्तीसगढ़ के संगठित क्षेत्र में कार्यरत बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) द्वारा देशभर के 20 प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए 700 सीटें आरक्षित की गई हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 21 जून 2026 कर दी गई है।
श्रमायुक्त कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन आरक्षित सीटों पर प्रवेश नीट यूजी (NEET UG) परीक्षा के माध्यम से दिया जाएगा। पात्र विद्यार्थी कर्मचारी राज्य बीमा निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष आरक्षण नीति का मुख्य उद्देश्य संगठित क्षेत्र के श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र भी डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार देशभर के 20 ESIC मेडिकल कॉलेजों में कुल 700 सीटें आरक्षित की गई हैं। इन सीटों पर चयन नीट यूजी मेरिट के आधार पर किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है।
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए विद्यार्थी एवं अभिभावक टोल फ्री नंबर 1800-11-2526 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी ESIC शाखा अथवा राज्य स्तरीय क्षेत्रीय कार्यालय से भी मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
श्रमायुक्त कार्यालय ने प्रदेश के सभी श्रमिक परिवारों से अपील की है कि वे इस योजना की जानकारी अपने योग्य एवं इच्छुक बच्चों तक पहुंचाएं तथा अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।

