Thursday, June 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशइंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत, परिजन शव लेकर पहुँचे SP...

इंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत, परिजन शव लेकर पहुँचे SP ऑफिस का किया घेराव

मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश

बस्ती। जिले के मुंडेरवा क्षेत्र में संचालित अमृत हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन महिला का शव लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला को शरीर में खुजली और एलर्जी की शिकायत होने पर परिजन इलाज के लिए मुंडेरवा स्थित अमृत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि महिला को बचाने के बजाय अस्पताल कर्मी घबरा गए और उचित इलाज नहीं दिया गया। थोड़ी देर बाद महिला की मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद परिजन शव लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि केवल औपचारिक जांच से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।

मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है। सीएमओ के निर्देश पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है तथा पूरे प्रकरण की जांच के लिए टीम गठित की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, यह अस्पताल लंबे समय से बिना विशेषज्ञ डॉक्टरों के संचालित हो रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के एक डिप्टी सीएमओ के संरक्षण में अस्पताल का संचालन किया जा रहा था, जिसके कारण पहले की शिकायतों पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला की मौत के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद इलाके में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments