Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशादी का झांसा, तीन साल तक शोषण! गर्भपात और धमकियों से टूटी...

शादी का झांसा, तीन साल तक शोषण! गर्भपात और धमकियों से टूटी पीड़िता, IGRS में शिकायत के बाद बस्ती पुलिस जांच में जुटी

मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश

रायगढ़ की युवती का आरोप, वीडियो वायरल; CDR, लोकेशन और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर होगा बड़ा खुलासा

बस्ती । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की एक 21 वर्षीय युवती ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के निवासी युवक इनामुल हक पर शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में न्याय की मांग करते हुए बस्ती पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है और 01 अप्रैल 2026 को IGRS पोर्टल पर भी प्रार्थना पत्र दर्ज कराया है।

पीड़िता आशियाना के अनुसार, वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश आने के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क बढ़ा और बाद में प्रेम संबंध स्थापित हो गया। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसे अपने गांव बुलाया, जहां पहली बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। उस समय पीड़िता नाबालिग थी, ऐसा भी उसका दावा है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे समय-समय पर रायपुर और अन्य स्थानों पर बुलाकर संबंध बनाता रहा। वर्ष 2023 में गर्भवती होने पर आरोपी ने उसे दवा देकर गर्भपात करा दिया। आरोप है कि यह सब बिना उसकी जानकारी और सहमति के हुआ।
आरोपों के मुताबिक, जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मारपीट करने लगा और अंततः 14 फरवरी 2026 को शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने पैसे लेकर मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

मामले से जुड़े कुछ कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें पीड़िता खुद साझा कर रही है। शिकायत के बाद पीड़िता का दावा है कि उसे और उसके सहयोग कर रहे समाजसेवियों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। पीड़िता ने इन धमकियों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की बात कही है।

इस पूरे प्रकरण में पीड़िता ने बस्ती पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। वहीं खबर और ट्विटर (X) पर शिकायत के बाद पुलिस की ओर से जवाब दिया गया कि थाना नगर प्रभारी को तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

आरोपी का पक्ष:

आरोपी युवक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए कहा कि वह युवती को जानता है और दोनों के बीच संबंध आपसी सहमति से थे। उसने यह भी दावा किया कि कुछ लोग खबर को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।

जांच से खुल सकता है बड़ा सच:

जानकारों का मानना है कि यदि पुलिस द्वारा विधिवत जांच की जाती है, तो कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन डेटा और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।

साथ ही, आरोपी पक्ष द्वारा यह कहा जा रहा है कि युवती अपनी मर्जी से आई थी, जिससे यह तो स्पष्ट होता है कि दोनों के बीच संबंध थे। हालांकि, शोषण, धोखे और जबरदस्ती के आरोपों की सच्चाई दोनों पक्षों के विस्तृत बयान, तकनीकी साक्ष्य (CDR, लोकेशन) और अन्य सबूतों के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगी।

समाजसेवी भी आए सामने:

मामले में कुछ समाजसेवी पीड़िता के समर्थन में सामने आए हैं। उनका कहना है कि यदि किसी महिला के साथ अन्याय हुआ है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, समाजसेवियों को भी आरोपी के परिचितों द्वारा धमकियां मिलने की बात सामने आई है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वे पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पीछे नहीं हटेंगे।

इस समाचार में उल्लिखित सभी आरोप पीड़िता की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि न तो अखबार द्वारा की गई है और न ही पत्रकार द्वारा। मामला फिलहाल जांच के अधीन है, इसलिए अंतिम सत्य पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments