Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedदक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं...

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई

बिलासपुर, 15 अप्रैल 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब को भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार के रूप में सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने अपने जीवन में सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में समानता, न्याय और लोकतंत्र के सिद्धांतों को स्थापित करने के लिए अथक संघर्ष किया।

वक्ताओं ने बाबा साहब को दलितों, महिलाओं, गरीबों एवं वंचित वर्गों के सशक्त मसीहा के रूप में याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी समाज को प्रेरणा देता है। उनके विचार राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शक हैं।

इस अवसर पर यह भी संकल्प लिया गया कि रेलवे सेवा के माध्यम से देश की सेवा करने का जो अवसर मिला है, उसे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण समर्पण, निष्ठा, सद्भावना और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।

कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

कार्यक्रम ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments