Friday, April 17, 2026
HomeUncategorized30 हजार करोड़ रुपए से अधिक माल राजस्व अर्जित कर दक्षिण पूर्व...

30 हजार करोड़ रुपए से अधिक माल राजस्व अर्जित कर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रचा इतिहास

बिलासपुर।देश की ऊर्जा एवं औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती देने में अग्रणी भूमिका निभा रहे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30,000 करोड़ रुपए से अधिक का ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू अर्जित कर नई उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि 28 मार्च 2026 को मात्र 362 दिनों में प्राप्त की गई, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।

29 मार्च 2026 तक यह राजस्व बढ़कर 30,123.26 करोड़ रुपए तक पहुंच गया, जिससे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेल में सर्वाधिक माल राजस्व अर्जित करने वाला अग्रणी जोन बन गया है। इस उपलब्धि के साथ जोन ने भारतीय रेल के कुल माल राजस्व में लगभग 17.11 प्रतिशत का योगदान दिया है। वहीं पिछले वर्ष की तुलना में करीब 1015 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय दर्ज करते हुए लगभग 3.5 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की गई है।

अन्य जोनों की तुलना में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। जहां ईस्ट कोस्ट रेलवे ने लगभग 28,967 करोड़ रुपए, ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने 24,311 करोड़ रुपए तथा साउथ ईस्ट रेलवे ने 17,794 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया, वहीं SECR शीर्ष स्थान पर बना रहा।

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो रेलवे ने लगातार प्रगति दर्ज की है। वर्ष 2020-21 में 18,128 करोड़ रुपए से बढ़ते हुए 2021-22 में 22,943 करोड़ रुपए, 2022-23 में 26,581 करोड़ रुपए, 2023-24 में 27,794 करोड़ रुपए और 2024-25 में 29,372 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया गया था।

माल ढुलाई के क्षेत्र में कोयला परिवहन के साथ इस्पात संयंत्रों के लिए कच्चे माल, लौह अयस्क, सीमेंट और क्लिंकर की ढुलाई में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं खाद्यान्न परिवहन और कंटेनर (EXIM) ट्रैफिक में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है, जो रेलवे के विविध क्षेत्रों में विस्तार को दर्शाता है।

अधोसंरचना विकास के तहत कई रेलखंडों पर तीसरी और चौथी लाइन का कार्य पूर्ण कर परिचालन क्षमता बढ़ाई गई है, जिससे माल और यात्री ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम और समयबद्ध हुई है।

इस उपलब्धि का श्रेय महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के नेतृत्व, अधिकारियों-कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली, बेहतर समन्वय और टीम भावना को दिया गया है। रेलवे द्वारा अपनाई गई ग्राहक-केंद्रित नीतियां, आधुनिक तकनीक का उपयोग और व्यवसाय विकास इकाइयों की सक्रियता भी इस सफलता के प्रमुख कारण रहे हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ देश की औद्योगिक एवं आर्थिक जरूरतों को पूरा करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करने का संकल्प दोहराया है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments