Tuesday, September 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबिना उपभोक्ता की अनुमति गैस सिलेंडर बुकिंग का आरोप, बासुदेव भारत गैस...

बिना उपभोक्ता की अनुमति गैस सिलेंडर बुकिंग का आरोप, बासुदेव भारत गैस एजेंसी भानपुर पर उठे सवाल

मूकनायक/रिपोर्टर,राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती। जनपद बस्ती के विकासखंड सल्टौआ गोपालपुर के निवासी विजय कुमार ने भानपुर स्थित बासुदेव भारत गैस एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। विजय कुमार की पत्नी मालती देवी के नाम से गैस कनेक्शन है।

उनका कहना है कि पिछले चार महीने से अधिक समय से उन्होंने गैस सिलेंडर की कोई बुकिंग नहीं कराई, बावजूद इसके उनके कनेक्शन से 28 फरवरी 2026 को सिलेंडर बुक होने का मैसेज प्राप्त हुआ है।

पीड़ित विजय कुमार के अनुसार उनके गैस कनेक्शन से जुड़ा मोबाइल नंबर भी लंबे समय से रिचार्ज नहीं था और उन्होंने स्वयं भी कोई बुकिंग नहीं की थी। बुधवार 25 मार्च 2026 को जब वह गैस कनेक्शन की किताब लेकर डिलीवरी कर्मी के पास सिलेंडर बुक कराने पहुंचे तो सिस्टम में यह संदेश दिखा कि 28 फरवरी 2026 को सिलेंडर बुक हो चुका है तथा अगली अग्रिम बुकिंग 14 अप्रैल 2026 को स्वीकृत की जाएगी।

विजय कुमार ने बताया कि पिछले चार महीनों में न तो उन्होंने सिलेंडर रिफिल कराया और न ही बुकिंग कराई। ऐसे में बिना उनकी अनुमति के बुकिंग होना एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। उनका कहना है कि किसी कर्मचारी की लापरवाही या मिलीभगत के बिना ऐसा संभव नहीं है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विजय कुमार ने उत्तर प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 1076 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद उन्हें आश्वासन दिया गया है कि दो दिनों के भीतर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित उपभोक्ता ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी उपभोक्ता के अधिकारों का हनन न हो और गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments