
बिलासपुर। जिले के शासकीय कुक्कुट फार्म कोनी में 24 मार्च को बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एहतियात के तौर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मुर्गी एवं उससे संबंधित सामग्री की लगातार जांच की जा रही है। यह कार्रवाई पशु चिकित्सा विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम द्वारा की जा रही है।
इसी बीच स्थानीय मीडिया में “रेलवे परिसर में दिल्ली से आई मुर्गी चूजों की खेप” को लेकर प्रकाशित खबरों पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित विभाग ने रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को रेलवे मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि दिल्ली से गाड़ी क्रमांक 12442 राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से 17 डिब्बों में चूजे बिलासपुर लाए गए थे। इन्हें आकाश नायक द्वारा प्राप्त कर आगे रायगढ़ भेजा गया।
प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्ति से चर्चा में यह स्पष्ट हुआ कि चूजों को सुरक्षित रूप से रायगढ़ पहुंचा दिया गया है और उनमें किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग के लक्षण नहीं पाए गए हैं। जांच के बाद किसी तरह के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे स्थिति सामान्य पाई गई।
प्रशासन ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में इस प्रकार की खेपों की पूर्व सूचना संबंधित विभाग को अनिवार्य रूप से दी जाए, ताकि निगरानी और सतर्कता को और मजबूत किया जा सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

