Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedईको कैंप छिंदारी में ‘बर्डवॉक’ बना आकर्षण का केंद्र, प्रकृति प्रेमियों को...

ईको कैंप छिंदारी में ‘बर्डवॉक’ बना आकर्षण का केंद्र, प्रकृति प्रेमियों को मिल रहा अनूठा अनुभव

रायपुर। खैरागढ़ वन विभाग द्वारा में शुरू की गई ‘बर्डवॉक’ पहल इन दिनों प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

यह कार्यक्रम वन मंत्री की प्रेरणा और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। वर्ष 2026 से प्रारंभ इस पहल के तहत प्रत्येक शनिवार और रविवार को विशेषज्ञों की निगरानी में बर्डवॉक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आम नागरिकों, विद्यार्थियों और पर्यटकों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है।

जैव विविधता से समृद्ध इस क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में पाई जाने वाली पक्षियों की लगभग 35 प्रतिशत प्रजातियाँ देखी जा सकती हैं। रंग-बिरंगे पक्षियों को करीब से देखने का अनुभव पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। हाल ही में आयोजित कार्यक्रमों में खैरागढ़ के संगीत एवं कला के छात्र-छात्राओं सहित दुर्ग, रायपुर और राजनांदगांव से आए पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

बर्डवॉक के दौरान प्रतिभागियों को पक्षियों के व्यवहार, घोंसला निर्माण और उनके प्राकृतिक आवास के बारे में जानकारी दी जाती है। साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए शांत रहने, प्लास्टिक का उपयोग न करने और वन्यजीवों के आवास का सम्मान करने जैसे नियमों का पालन कराया जाता है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वयस्कों से 200 रुपये तथा विद्यार्थियों से 50 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। ईको कैंप का संचालन स्थानीय समुदाय द्वारा किया जा रहा है, जिसे वन विभाग का सहयोग प्राप्त है। यहां बर्डवॉक के अलावा बोटिंग, टेंटिंग, कैंपिंग और छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों जैसे फरा, ठेठरी और खुरमी का भी आनंद लिया जा सकता है।

वन विभाग ने इच्छुक नागरिकों से बर्डवॉक में शामिल होने के लिए अग्रिम पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि सभी को सुरक्षित और व्यवस्थित अनुभव मिल सके। यह पहल इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments