Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedसेवानिवृत्ति पर हरिनखेडे परिवार और शिक्षक संघ ने किया सम्मान

सेवानिवृत्ति पर हरिनखेडे परिवार और शिक्षक संघ ने किया सम्मान

दमोह (बालाघाट)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानेगांव के वरिष्ठ उच्च श्रेणी शिक्षक एल. एस. हरिनखेडे 30 नवंबर 2025 को अपनी अर्धवार्षिक आयु पूर्ण कर सेवा निवृत्त हो गए। उनके 37 वर्षों के अनुकरणीय सेवाकाल को याद करते हुए, उनके सम्मान में विद्यालय परिवार और बाद में उनके निज निवास पर परिवार द्वारा भव्य आभार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

विद्यालय और परिवार ने दी भावभीनी विदाई

हरिनखेडे की सेवानिवृत्ति के अवसर पर, सर्वप्रथम उनकी पदस्थ शाला मानेगांव में शालेय परिवार द्वारा सम्मान एवं बिदाई कार्यक्रम रखा गया। इस दौरान समस्त छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उन्हें सम्मानित किया और उनकी सेवाओं को ‘अनुकरणीय और प्रशंसनीय’ बताया।इसके पश्चात्, हरिनखेडे परिवार द्वारा पीपरटोला स्थित निज निवास पर आभार एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में उनके सभी सगे संबंधी, नाते-रिश्तेदार, सामाजिक बंधु, ग्रामवासी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे और उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षक हरिनखेडे को मंगलमय शुभकामनाएँ दीं।

म.प्र. शिक्षक संघ बिरसा ने किया विशिष्ट सम्मान

इसी कड़ी में, म. प्र. शिक्षक संघ बिरसा के पदाधिकारियों ने हरिनखेडे के संघ के प्रति समर्पित योगदान को देखते हुए उनका शॉल-श्रीफल से विशिष्ट सम्मान किया। सम्मान करने वालों में संभागीय कोषाध्यक्ष प्रल्हाद पटले, संभागीय सदस्य एस. आर. उके, ब्लाक अध्यक्ष भागीरथी पांचे सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी सर्वश्री सेवन सिंह मेरावी, हिरेन्द्र घोरमारे, तिलक ठाकरे, सदाराम राहंगडाले, और झनक चौधरी शामिल थे।

निष्ठापूर्ण रहा सेवाकाल

राजनीति में एम.ए., बी.एड. की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले श्री हरिनखेडे की प्रथम नियुक्ति 1985 में शिक्षा विभाग वारासिवनी में हुई थी। इसके बाद वह 1988 से जन जाति कार्य विभाग मानेगांव (बिरसा) में कार्यरत रहे और यहीं से सेवानिवृत्त हुए।
अपने सेवाकाल के दौरान, उन्होंने म. प्र. शिक्षक संघ के विभिन्न पदों पर रहते हुए अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, समर्पण, अनुशासन और समय की पाबंदी के साथ किया। संघ के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि सेवानिवृत्ति के बाद भी परिवार एवं समाज में उनकी सेवाएँ सतत रूप से बनी रहेंगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments