Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedजनजातीय गौरव दिवस समारोह का राज्य स्तरीय आयोजन 20 नवंबर को

जनजातीय गौरव दिवस समारोह का राज्य स्तरीय आयोजन 20 नवंबर को

अम्बिकापुर के पी.जी. कॉलेज मैदान में होगा भव्य आयोजन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी शिरकत

अम्बिकापुर। भगवान बिरसा मुण्डा की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में 19 और 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ की धरती अम्बिकापुर के पी.जी. कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से शुरू होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में 20 नवंबर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस आयोजन में शिरकत करेंगी।

समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उईके, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, विजय शर्मा, आदिम जाति मंत्री विकास मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओमप्रकाश चौधरी, संस्कृति मंत्री रजेश अग्रवाल और सरगुजा लोकसभा के सांसद चिंतामणि महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में नगर-निगम अम्बिकापुर की महापौर मंजूषा भगत सहित मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, निगम मंडल एवं आयोग तथा जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समाज के प्रबुद्धजन भी शामिल होंगे।

जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दौरान 19 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरवशाली इतिहास एवं जन नायकों पर आधारित संगोष्ठी (स्वतंत्रता संग्राम में जनजातियों का योगदान) आयोजित होगी। साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव, शहीद वीर नारायण सिंह लोककला नृत्य प्रतियोगिता तथा सरगुजा संभाग राज्य स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेला का आयोजन किया जाएगा।

20 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों जनजातीय विद्रोहों के नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री बैगा, गुनिया, हड़जोड़ सम्मान योजना का शुभारंभ किया जाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments