Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedनरसीराम कोली हत्याकाण्ड: आठवें दिन भी धरना जारी, SC/ST संगठनों ने न्याय...

नरसीराम कोली हत्याकाण्ड: आठवें दिन भी धरना जारी, SC/ST संगठनों ने न्याय की मांग की

मूकनायक/राजस्थान/जिला ब्यूरो चीफ सांचौर/रिडमल राम परमारसांचौर: नरसीराम कोली हत्याकाण्ड के आठवें दिन भी सांचौर में धरना लगातार जारी रहा। इस आंदोलन में SC/ST समुदाय के विभिन्न संगठनों ने शामिल होकर न्याय की मांग को लेकर आवाज़ बुलंद की। उपखण्ड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अम्बेडकरवादी विचारधारा के संत, श्री श्री 1008 नागपुरी, रेवदर अखाड़ा के संत, ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि समाज को एकजुट होकर इस अन्याय के खिलाफ अपनी लड़ाई को मजबूती से लड़ना चाहिए। संत नागपुरी ने अपने वक्तव्य में कहा, “जब तक हमें न्याय नहीं मिलता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें सख्त सजा दी जाए। यह केवल नरसीराम कोली का मामला नहीं है, यह पूरे समाज की आवाज है, जो अपने अधिकारों के लिए खड़ी हो रही है।”कोली समाज के साथ-साथ अन्य SC/ST संगठनों ने भी इस संघर्ष को पूरा समर्थन दिया है।

मेघवाल संघर्ष समिति के नरपतसिंह केरिया ने कहा, “यह घटना पूरे समाज को झकझोरने वाली है। हम इस अन्याय के खिलाफ एकजुट हैं और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, हम चुप नहीं बैठेंगे।”धरने में शामिल लोगों ने प्रशासन के प्रति अपनी नाराजगी भी जाहिर की। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

डॉ. सागर ने कहा, “यह सिर्फ नरसीराम कोली का मामला नहीं है, यह पूरे समाज के लिए एक चुनौती है। यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन और भी बड़ा हो सकता है।”धरना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग एकत्रित थे, जो न्याय की मांग को लेकर प्रतिबद्ध दिखे। ज्ञापन में मांग की गई कि इस घटना के सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्याय प्रक्रिया को तेज किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द राहत मिल सके।”हम किसी भी हालत में अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह लड़ाई तब तक चलेगी जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती। समाज को संगठित होकर इस संघर्ष को सफल बनाना होगा।

“धरना के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द न्याय की मांग की और चेतावनी दी कि अगर समय रहते न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा।धरने में कोली समाज के साथ SC/ST समुदाय के अन्य संगठनों ने भी भाग लिया। इस मौके पर अम्बेडकर सेवा समिति के उपाध्यक्ष जयकृष्ण मेघवंशी, पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश सागर, मेघवाल संघर्ष समिति सांचौर-चितलवाना के जिला अध्यक्ष नरपतसिंह केरिया, चेतन सोलंकी (बड़सम),शंकरलाल सेवानिवृत शिक्षक, भीम आर्मी के भरत, जगदीश अगड़ावा, मसराराम गर्ग समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे ।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments