
बाबा साहब के विचारों और संवैधानिक मूल्यों पर हुआ विचार-विमर्श, समतामूलक समाज के निर्माण का दिया संदेश
दमोह (बालाघाट)। ग्राम दमोह स्थित प्रज्ञादीप बुद्ध विहार में 26 नवंबर को संविधान दिवस श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। पूज्य भंते बोधि धम्म के सानिध्य में आयोजित समारोह में शासकीय कन्या हाई स्कूल दमोह के प्राचार्य एस.एल. दशरिये तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह के संकुल प्राचार्य के.एस. छेदाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के छायाचित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। उपस्थितजनों ने संविधान के आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति निष्ठा रखने की शपथ ली। इस अवसर पर बुद्ध विहार में सामूहिक नमन भी किया गया।

समारोह का विशेष आकर्षण मुख्य अतिथि एस.एल. दशरिये ‘सरल’ का ओजस्वी एवं भावपूर्ण काव्यपाठ रहा। दूरदर्शन मंच के कवि दशरिये ने समता, स्वतंत्रता, बंधुता एवं न्याय की भावना से ओतप्रोत अपनी मौलिक काव्य रचनाओं के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को प्रभावित किया। उनकी कविताओं में सामाजिक समानता, मानवीय गरिमा और संवैधानिक चेतना का संदेश प्रमुखता से उभरा। प्रभावशाली काव्य प्रस्तुति का बुद्ध एवं आंबेडकर विचारधारा के अनुयायियों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
मुख्य वक्ता के.एस. छेदाम ने भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया तथा संविधान निर्माण में डॉ. बाबा साहब आंबेडकर के अतुलनीय योगदान पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता, न्याय एवं सम्मानपूर्ण जीवन का अवसर प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण मार्गदर्शक है। बाबा साहब ने अपने गहन अध्ययन, दूरदृष्टि और अथक परिश्रम से देश को ऐसा संविधान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो विविधताओं से भरे भारत को एकता, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के सूत्र में बांधता है। उन्होंने उपस्थितजनों से संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा उसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन करते हुए एस.आर. उके ने शिक्षा और संगठन की महत्ता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है। शिक्षित बनकर, संगठित रहकर और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक होकर ही समतामूलक, प्रगतिशील एवं न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताते हुए नई पीढ़ी को महापुरुषों के विचारों एवं आदर्शों से जुड़ने का संदेश दिया।
समारोह के समापन अवसर पर डॉ. आंबेडकर मंडल दमोह के अध्यक्ष पाण्डूलाल रामटेके ने सभी अतिथियों, पूज्य भंते जी, वक्ताओं एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत दमोह की पंच वंदना भेलावे, पंच कन्हैयालाल मेश्राम, डॉ. आंबेडकर मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुमरनलाल खोबरागड़े, पूर्व सचिव सुख-चैन सत्यटेके, मंडल सदस्य पुरुषोत्तम रामटेके एवं गोपाल रामटेके सहित बड़ी संख्या में बौद्ध एवं आंबेडकर विचारधारा के अनुयायी, महिला-पुरुष एवं समाजजन उपस्थित रहे।
संविधान दिवस का यह आयोजन केवल एक औपचारिक समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बाबा साहब के विचारों को स्मरण करने, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा शिक्षा, समानता और सामाजिक एकता के मार्ग पर आगे बढ़ने का प्रेरणादायी अवसर बना। समारोह के माध्यम से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर समतामूलक, जागरूक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

