Saturday, November 28, 2026
HomeUncategorizedसंविधान दिवस पर शासकीय कन्या हाई स्कूल दमोह में विविध प्रतियोगिताओं का...

संविधान दिवस पर शासकीय कन्या हाई स्कूल दमोह में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन

रंगोली, चित्रकला, निबंध, भाषण और कविता पाठ में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, संविधान की उद्देशिका का किया सामूहिक वाचन

दमोह (बालाघाट)। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को शासकीय कन्या हाई स्कूल, दमोह में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक आदर्शों की समझ विकसित करने के उद्देश्य से विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा में संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन एवं शपथ के साथ हुआ। छात्राओं और विद्यालयीन स्टाफ ने न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में कक्षा छठवीं, सातवीं एवं आठवीं की छात्राओं ने सहभागिता की।

इस दौरान रंगोली, निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण, कविता पाठ एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से संबंधित विषयों पर विचार व्यक्त किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मंचीय कार्यक्रम में प्राचार्य एस.एल. दशरिये ने अपनी मौलिक रचनाओं के माध्यम से संविधान की महत्ता एवं उसकी मूल भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की प्रेरणा दी। वरिष्ठ शिक्षिका प्रेमलता बिसेन ने अपने उद्बोधन में शिक्षा, ज्ञान एवं कलम की शक्ति का महत्व बताते हुए छात्राओं से परिश्रम के बल पर आगे बढ़ने और जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक एस.आर. उके ने किया। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की ऐतिहासिक भूमिका, उनके संघर्षपूर्ण जीवन तथा समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता के विचारों की जानकारी छात्राओं को दी।

प्रतियोगिताओं की तैयारी में रवि कावरे, समलबती खैरवार एवं शीला गौतम का विशेष मार्गदर्शन रहा। वहीं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं सफल आयोजन में जसिन्ता खलखो, सुषमा धारणे, ममता वाहने, वृन्दा मेश्राम, पूजा सोनी, संध्या राहंगडाले, ध्रुवाराम बोरकर, नंदनी चक्रवर्ती, दशरथ राठौर एवं बिलसोबाई तुलकर का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को संदेश दिया गया कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, सामाजिक समरसता, समानता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसके मूल्यों को आत्मसात कर ही जिम्मेदार नागरिक और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments