
रावत नाचा को संगठित स्वरूप और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में रहा महत्वपूर्ण योगदान, ‘मड़ई’ पत्रिका के माध्यम से लोककला एवं साहित्य को दी नई अभिव्यक्ति
छत्तीसगढ़। डॉ. कालीचरण यादव के निधन से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, कला, साहित्य और प्रगतिशील वैचारिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
डॉ. कालीचरण यादव ने अपना जीवन छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक पहचान स्थापित करने के लिए समर्पित किया। विशेष रूप से पारंपरिक रावत नाचा को संगठित एवं संस्थागत स्वरूप देने तथा उसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
प्रतिवर्ष प्रकाशित होने वाली उनकी पत्रिका ‘मड़ई’ छत्तीसगढ़ की लोककला, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक चेतना को अभिव्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम रही। इस पत्रिका में लेखों का प्रकाशन भी उनके आत्मीय स्नेह और वैचारिक जुड़ाव की स्मृतियों को जीवंत रखेगा।
डॉ. यादव का व्यक्तित्व केवल सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं था। वे प्रगतिशील, धर्मनिरपेक्ष और सांप्रदायिकता विरोधी विचारों के पक्षधर थे। समाज में विवेक, मानवीय मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और वैज्ञानिक चेतना को मजबूत करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें विशिष्ट पहचान प्रदान करती थी।
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लखन सुबोध, उपाध्यक्ष, PUCL छत्तीसगढ़ एवं केंद्रीय संयोजक, गुरुघासीदास सेवादार संघ (GSS) ने कहा कि डॉ. कालीचरण यादव के साथ आत्मीय संबंधों और वैचारिक संवाद की स्मृतियां सदैव बनी रहेंगी। उनका जाना छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक एवं प्रगतिशील परंपरा के एक महत्वपूर्ण स्तंभ को खोने जैसा है। उनके अधूरे सांस्कृतिक और वैचारिक कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

