मूकनायक समाचार। सूरत
सूरत शहर के सचिन इलाके में 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। बच्ची अपने घर के पास शौच करने के लिए गई थी, तभी 35 साल का युवक उसे झाड़ी में खींच ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। डरी हुई बच्ची रोते-रोते घर पहुंची और अपनी मां को बताया। इसके बाद सचिन जीआईडीसी पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई और पंचों के सामने पूरी घटना का रिकंस्ट्रक्शन किया।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की सुबह सचिन जीआईडीसी की झुग्गी बस्ती में रहने वाली बच्ची घर के पास शौच के लिए गई थी, तभी आरोपी सर्वेश रामलखन निषाद ने उसे पकड़कर सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया और धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। लहुलूहान हालत में बच्ची ने घर पहुंचकर मां को बताया, जिसके बाद मां ने 112 पर कॉल किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर तिरुमला सोसायटी के पास बर्फ फैक्ट्री के नजदीक जाकिर की चाल से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खानपुर का रहने वाला है।

