Saturday, October 24, 2026
Homeभरतपुरआंगनबाड़ी ओलंपिक का समापन आज, नन्हे खिलाड़ियों को मिलेंगे पुरस्कार

आंगनबाड़ी ओलंपिक का समापन आज, नन्हे खिलाड़ियों को मिलेंगे पुरस्कार

तीन दिन तक बच्चों ने दौड़, रिले रेस और मनोरंजक गतिविधियों में लिया हिस्सा; सर्वांगीण विकास पर फोकस

मूकनायक न्यूज/ यशपाल सोलंकी/ भरतपुर/ राजस्थान

आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को खेल-खेल में सीखने और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए आयोजित तीन दिवसीय आंगनबाड़ी ओलंपिक का समापन शुक्रवार को होगा। अंतिम दिन 100 मीटर दौड़, नींबू दौड़, म्यूजिकल चेयर और खो-खो सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ही पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन’ थीम पर 21 से 23 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चे भाग ले रहे हैं। आईसीडीएस उप निदेशक सिकमारामाराम चोयल ने बताया कि इसका उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, शारीरिक सक्रियता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना है।

पहले दिन 3 से 4 वर्ष और 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए मेंढक दौड़, रिले रेस, सितोलिया सहित विभिन्न स्थानीय खेल आयोजित किए गए। दूसरे दिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिट्टी और पत्तों से खिलौने बनाना, बाल्टी या डिब्बे में गेंद डालना और कमाल झपटा जैसी गतिविधियां कराई गईं।

इसी क्रम में जिला समन्वयक प्राची चौधरी के नेतृत्व में उच्चैन ब्लॉक के तेहरा ब्राह्मण आंगनबाड़ी केंद्र पर भी खेल गतिविधियां हुईं। बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। विभाग के अनुसार, कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मेंटर टीचर और स्कूल नहीं जाने वाली किशोरियां सहयोग कर रही हैं। समापन अवसर पर अभिभावकों, महिला समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जनसमुदाय की सहभागिता भी रहेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments