
बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प, समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और मानवता का दिया संदेश


दमोह (बालाघाट)। डॉ. आंबेडकर मंडल, दमोह के तत्वावधान में प्रज्ञादीप बुद्ध विहार में 70वां धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बौद्ध अनुयायियों ने तथागत गौतम बुद्ध एवं डॉ. बाबा साहब आंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पंचशील ध्वजारोहण के साथ हुआ। पूज्य भंते बोधि धम्म ने पूजा-वंदना संपन्न कराई तथा उपस्थित अनुयायियों को बाबा साहब द्वारा प्रतिपादित शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन आयुष्मान सुख-चैन सत्यटेके ने किया। मुख्य वक्ता आयुष्मान एस. आर. उके, प्रांतीय क्षेत्रीय सचिव, ऑल इंडिया समता सैनिक दल, मध्यप्रदेश ने कहा कि 14 अक्टूबर 1956 को नागपुर की दीक्षाभूमि में डॉ. बाबा साहब आंबेडकर द्वारा बौद्ध धम्म की दीक्षा लेना सामाजिक परिवर्तन की ऐतिहासिक घटना थी। यह कदम सामाजिक असमानता, शोषण और अन्याय से मुक्ति के साथ आत्मसम्मान, समानता एवं मानवीय गरिमा स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण था।

उन्होंने कहा कि तथागत गौतम बुद्ध का करुणा, प्रज्ञा और शांति का संदेश तथा बाबा साहब के समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। समाज को अंधविश्वास से दूर रहकर तार्किक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

ऑल इंडिया समता सैनिक दल की महिला विंग की तहसील कार्यकारिणी अध्यक्ष आयुष्मती संगीता उके ने गीत के माध्यम से तथागत गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक और डॉ. आंबेडकर के धम्मचक्र प्रवर्तन के ऐतिहासिक महत्व को प्रस्तुत किया। रमाताई आंबेडकर महिला मंडल की सचिव आयुष्मती गीता रामटेके ने बौद्ध समाज की बेटी आयुष्मती संघमित्रा गजभिए का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। आयुष्मती ममता भेलावे ने भी अपने विचार रखे।
महिला मंडल की कोषाध्यक्ष आयुष्मती श्वेता उके ने महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए बाबा साहब के योगदान को रेखांकित किया। वहीं, वरिष्ठ सदस्या आयुष्मती निर्मला उके ने सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के साथ पुरुषों की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. आंबेडकर मंडल के अध्यक्ष आयुष्मान पाण्डूलाल रामटेके ने आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात स्वल्पाहार एवं मिष्ठान वितरण किया गया। रात्रि में बुद्ध विहार परिसर और घरों में सैकड़ों मोमबत्तियां प्रज्ज्वलित कर प्रकाश पर्व मनाया गया। इस दौरान बुद्ध के शांति, करुणा, प्रज्ञा और मानवता के संदेश को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में तेजलाल उके, हरिशंकर भेलावे, सुमरनलाल खोबरागड़े, पुरुषोत्तम रामटेके, सुंदरलाल खोबरागड़े, गोपाल रामटेके, दिलीप डोंगरे एवं कन्हैयालाल मेश्राम सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा। आयोजन में महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता उल्लेखनीय रही।

