मूकनायक/अंशु जर्नलिस्ट
दिल्ली
दिल्ली। शास्त्री नगर स्थित रानी गार्डन के स्लम क्षेत्र में छू लो आसमान फाउंडेशन द्वारा बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने तिरंगा, भारत का नक्शा, हरे-भरे पेड़, पर्वत, नदियां और झरनों सहित प्रकृति एवं देश से जुड़े विभिन्न चित्र बनाए। बच्चों की बनाई तस्वीरों में देश के प्रति प्रेम, प्रकृति के प्रति लगाव और एक बेहतर एवं बदलते भारत की कल्पना साफ नजर आई।
आयोजन के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें पेंसिल, ड्राइंग बुक, रंग एवं अन्य पाठ्य सामग्री वितरित की गई। वहीं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को पहचानना और उसे आगे बढ़ने का अवसर देना है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के बीच इस तरह की गतिविधियां उन्हें अपनी प्रतिभा व्यक्त करने के लिए एक सकारात्मक मंच प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में छू लो आसमान फाउंडेशन के ज्योत प्रकाश शर्मा, सुन्दरम शर्मा और आनंद की सक्रिय भूमिका रही।

