मूकनायक/ दुर्गेन्द्र सम्राट स्टेट सब एडिटर संतकबीरनगर/ उत्तर प्रदेश
संतकबीरनगर : दुधारा थाना क्षेत्र की एक महिला ने ताबीज और झाड़-फूंक के बहाने उसे ब्लैकमेल करने तथा उसके अंतरंग वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मामले में दुधारा थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपनी सहेली रीता, बाबा धर्मेंद्र दास तथा पत्रकार जयशंकर निषाद को नामजद किया है महिला ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी तबीयत कई महीनों से खराब चल रही थी इसकी जानकारी उसकी सहेली रीता पत्नी संतोष, निवासी गाड़ापोखर थाना बेलहर कला को हुई तो उसने रमतलहा के एक बाबा से झाड़-फूंक कराने और ताबीज दिलाने की बात कही।
रीता के बुलाने पर वह 10 अगस्त 2026 को उसके घर गई जहां बाबा मौजूद थे महिला के अनुसार पूछने पर बाबा ने अपना नाम धर्मेंद्र दास यादव पुत्र शिवकुमार दास, निवासी इमलिया खादर टोला, थाना पचपेड़वा, जिला बलरामपुर बताया आरोप है कि बाबा ने झाड़-फूंक करने के बाद महिला पर दैवीय आपदा होने की बात कही और ताबीज के नाम पर 1800 रुपये लिए। साथ ही लिखे हुए कागज का एक टुकड़ा देकर उसे पानी में डालकर पीने को कहा और ताबीज अगले दिन देने की बात कही।
देर शाम महिला को चक्कर आने लगा और वह सो गई। सुबह उठने पर उसका मोबाइल उसके पास नहीं था। पूछने पर रीता ने मोबाइल अपने पास होने और यूट्यूब पर वीडियो देखने की बात कही महिला के अनुसार घर पहुंचने के बाद मोबाइल देखने पर उसे पता चला कि उसमें मौजूद उसका अंतरंग वीडियो डिलीट किया गया था।
महिला तत्काल रीता के घर पहुंची और पूछताछ की। आरोप है कि पहले रीता ने इनकार किया बाद में 10 हजार रुपये देने और बाबा के साथ नेपाल जाने की बात कहते हुए वीडियो देने की बात कही तथा ऐसा न करने पर पछताने की धमकी दी।
शिकायत के मुताबिक ताबीज मांगने पर बाबा धर्मेंद्र दास ने भी रीता की बात की जानकारी होने तथा वीडियो उसके पास भी होने की बात कहते हुए 10 हजार रुपये देने और उसके साथ नेपाल जाने को कहा। साथ ही आरोप है कि पत्रकारों से संपर्क होने की बात कहते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई।
महिला का आरोप है कि दोनों ने मिलकर वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने और रुपये मांगने का प्रयास किया। महिला द्वारा रुपये देने में असमर्थता जताने के बाद आरोप है कि वीडियो किसी दूसरे नंबर पर भेज दिया गया।
इसके बाद जयशंकर निषाद पुत्र रामसुमेर, निवासी छिबरा, थाना धर्मसिंहवा, जो पत्रकार बताया गया है, ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर कई व्हाट्सएप ग्रुपों में पोस्ट कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप है कि कुछ पत्रकार ने वीडियो अधिकारियों, प्रधानों और अन्य पत्रकारों के व्यक्तिगत व्हाट्सएप नंबरों पर भेजा तथा अपने सहयोगियों से भी प्रसारित कराया।
वीडियो प्रसारित होने की जानकारी लोगों द्वारा फोन कर दिए जाने पर महिला ने कहा कि इससे उसकी सामाजिक एवं नैतिक प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है और परिवार में विवाद की स्थिति पैदा हो गई है। उसने पुलिस से सोशल मीडिया से वीडियो एवं पोस्ट तत्काल हटवाने तथा आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में महिला ने अत्यधिक मानसिक दबाव का उल्लेख करते हुए आत्महत्या जैसे कदम उठाने की आशंका भी जताई और इसके लिए नामजद आरोपितों को जिम्मेदार ठहराया है पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

