Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedबिरसा के जांच नमूनों पर प्रशासन की पैनी नजर

बिरसा के जांच नमूनों पर प्रशासन की पैनी नजर

रोग अनुसंधान प्रयोगशाला पहुंचे संयुक्त संचालक डॉ. जे.पी. शिव, जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए निर्देश

संवाददाता सत्यशील गोंडाने बालाघाट

बालाघाट। बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित ग्रामों में पशुधन एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रहा है। संभागायुक्त जबलपुर धनंजय कुमार सिंह के निर्देशानुसार कलेक्टर कुमार सत्यम के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त कलेक्टर (विकास) अभिषेक सराफ की निगरानी में विभिन्न विभागों का अमला प्रभावित क्षेत्रों में स्टैंडबाय मोड पर तैनात है।

इसी क्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जे.पी. शिव बालाघाट पहुंचे और विभागीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्थिति की लगातार निगरानी की। बिरसा क्षेत्र से प्राप्त जांच नमूनों की जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के उद्देश्य से उन्होंने रोग अनुसंधान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से नमूनों की जांच की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

नमूनों की जांच में तेजी पर जोर

संयुक्त संचालक डॉ. शिव ने प्रयोगशाला में बिरसा क्षेत्र से प्राप्त नमूनों की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई जांच तथा आगे की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने जांच प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सतर्कता और गंभीरता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी जानकारी ली कि प्राप्त नमूनों की जांच किस स्तर तक पहुंची है और आगामी कार्रवाई के लिए किन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

चंदौरी गौशाला और वारासिवनी पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण

संयुक्त संचालक डॉ. जे.पी. शिव ने पिछले दो दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। रविवार को उन्होंने चंदौरी स्थित गौशाला एवं कृत्रिम गर्भाधान केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पशु चिकित्सालय वारासिवनी का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं, पशुओं की देखरेख तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विभागीय अमला अलर्ट मोड पर

इस दौरान उप-संचालक डॉ. घनश्याम परते भी उनके साथ मौजूद रहे। वे भी क्षेत्र में विभागीय अमले के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

बिरसा क्षेत्र में बीमारी की स्थिति को देखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार क्षेत्रीय दौरे और प्रयोगशाला में जांच प्रक्रिया की समीक्षा से विभागीय अमले में सक्रियता बढ़ी है।

प्रशासन एवं पशुपालन विभाग का जोर इस बात पर है कि प्रभावित क्षेत्र से प्राप्त नमूनों की जांच में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने सभी संबंधित अमले को सतर्कता के साथ कार्य करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में विभागीय व्यवस्थाओं को लगातार सक्रिय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments