80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उषा देवी मेमोरियल कॉलेज में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
बिलासपुर छत्तीसगढ़
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै
छत्तीसगढ़ प्रभारी
80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), उषा देवी मेमोरियल कॉलेज, सकरी, बिलासपुर द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में महाविद्यालय परिवार के साथ-साथ सकरी क्षेत्र के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सकरी तुरकाडीह बाईपास से हुआ। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विद्यार्थी, NSS स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाएं, प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा सकरी बाजार चौक एवं महामाया गेट होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर पहुंची। महाविद्यालय परिसर में तिरंगे को सलामी एवं राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा का गरिमापूर्ण समापन किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन समिति के समस्त सदस्य, प्राचार्य, समस्त विद्यार्थी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाएं, प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण सहित सकरी क्षेत्र के नागरिकों ने सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता की। तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।
तिरंगा यात्रा के पश्चात महाविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले NSS स्वयंसेवकों को ‘बी प्रमाणपत्र’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले स्वयंसेवकों के समर्पण, अनुशासन एवं सामाजिक सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की गई।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीना ताम्रकार ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे राष्ट्र की पहचान नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। NSS का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और उन्हें जिम्मेदारीपूर्वक निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
महाविद्यालय प्रशासन समिति ने सभी विद्यार्थियों, NSS स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं सकरी क्षेत्र के नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में एकता एवं सद्भाव का संदेश देते हैं।
सम्पूर्ण कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं देशभक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




