जिला मुख्यालयों में बीएमएस करेगा राष्ट्रव्यापी आंदोलन
/////न्यूनतम मजदूरी 30000 करने , संपूर्ण सामाजिक सुरक्षा और श्रम कानूनों में संशोधन की मांग////
बिलासपुर
भारतीय मजदूर संघ के केन्द्रीय कार्यकारिणी में लिए गए निर्णय के अनुसार 17 अगस्त को देशभर के सभी जिला मुख्यालयों में भारतीय मजदूर संघ द्वारा विशाल धरना प्रदर्शन और हजारों श्रमिकों की रैली के साथ जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम 11सूत्रीय मांग पत्र सौंपा जाएगा। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में आंदोलन की व्यापक तैयारी की गई है और इस आंदोलन में बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक, आंगनबाड़ी, मध्यान्ह भोजन,आशा कर्मी,गिग वर्कर, कृषि मजदूर, वनवासी श्रमिक,एन एच एम , दैनिक वेतन भोगी, पेंशनर्स और सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के श्रमिक शामिल होंगे। संगठन की ओर से सभी जिलों में वरिष्ठ केन्द्रीय पदाधिकारियों सहित प्रदेश पदाधिकारी विभिन्न जिलों में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।
प्रदेश महामंत्री श्री शंखध्वनि सिंह बनाफर ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय जी जिला बिलासपुर, अखिल भारतीय मंत्री श्री राधेश्याम जायसवाल जी जिला कोरबा तथा प्रदेश महामंत्री शंखध्वनि सिंह बनाफर जिला पेंड्रा – गौरेला – मरवाही में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।



