Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedईद मिलादुन्नबी के जुलूस की तैयारियों को लेकर बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर...

ईद मिलादुन्नबी के जुलूस की तैयारियों को लेकर बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर

ईद मिलादुन्नबी के जुलूस की तैयारियों को लेकर बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर

बिलासपुर छत्तीसगढ़
मूकनायक

यूसुफ हुसैन

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस की तैयारियों को लेकर सत्यम चौक क्षेत्र में कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मुस्लिम कमेटियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ मस्जिदों के इमाम साहब ने भी शिरकत की। बैठक में जुलूस को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ निकालने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में तय किया गया कि 26 तारीख, बुधवार को जोहर की नमाज के बाद सत्यम टॉकीज चौक से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जाएगा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस निर्धारित स्थान पर एकजुट होकर मिलाद और नात पढ़ते हुए आगे बढ़ेंगे।
कमेटी की ओर से जुलूस में शामिल सभी लोगों से अपील की गई कि वे इमाम साहब एवं जिम्मेदार पदाधिकारियों के नेतृत्व में अनुशासन के साथ चलें। फोटो या वीडियो बनाने के लिए जुलूस के आगे-पीछे अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं और एक-दूसरे का सम्मान करते हुए भाईचारा बनाए रखें।
जुलूस के दौरान रास्ते में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई, ताकि आम नागरिकों तथा स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कमेटी ने सभी सदस्यों से छोटे-बड़े सभी भाइयों का सम्मान करने और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया।
प्रस्तावित मार्ग के अनुसार जुलूस सत्यम टॉकीज चौक से तारबाहर, गांधी चौक, गोल बाजार होते हुए मदीना मस्जिद पहुंचेगा। वहां नमाज के समय के अनुसार असर या मगरिब की नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद जुलूस देवकीनंदन चौक, राजेंद्र नगर होते हुए ईदगाह पहुंचेगा।
कमेटी ने स्पष्ट रूप से सभी जुलूस समितियों एवं सदस्यों से डीजे नहीं बजाने तथा मिलाद, नात और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ शांतिपूर्वक जुलूस निकालने की अपील की है। साथ ही आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं यातायात व्यवस्था का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में हुसैनी लश्कर कमेटी, पीपल चौक, तालापारा सहित विभिन्न कमेटियों से जुड़े लोग मौजूद रहे। सभी ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: युसूफ हुसैन चिंटू, रिपोर्टर, मूकनायक

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments