Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedउत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पदक व राज्य स्तरीय पुरस्कारों से किया अलंकृत, एएसआई रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक

रायपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के 80वें पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारियों और जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, असाधारण कार्यकुशलता एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित पदकों और राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।

रक्षित केंद्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा तथा आधारभूत प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक-2026’ से सम्मानित किया गया।

10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को भारतीय पुलिस पदक

सराहनीय सेवाओं, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आधुनिक नवाचारों के लिए कुल 10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को ‘भारतीय पुलिस पदक-2026’ प्रदान किया गया। इनमें पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक एटीएस नवा रायपुर राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, सेनानी 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई निवेदिता पॉल, सेनानी 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद मनीषा ठाकुर रावटे, पुलिस उपायुक्त रायपुर तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष आसूचना शाखा नवा रायपुर उनैजा खातून अंसारी, सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई जयलाल मरकाम तथा प्लाटून कमांडर 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद हजारी लाल साहू शामिल हैं।

नगर सेना के जवानों को सराहनीय सेवा पदक

आपदा प्रबंधन, राहत कार्य एवं जनसेवा में उल्लेखनीय भूमिका के लिए नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी एवं प्रशिक्षण कार्यों के लिए ‘गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026’ से सम्मानित किया गया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार

कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद यादव को ‘गुरु घासीदास पुरस्कार’ के तहत 50 हजार रुपये नकद एवं बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को कमजोर वर्गों तथा महिला-बाल संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘राज्यपाल पुरस्कार’ एवं ‘रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार’ प्रदान किया गया। दोनों पुरस्कारों के तहत 50-50 हजार रुपये नकद तथा रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड दी गई।

गरियाबंद की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए ‘मुख्यमंत्री पुरस्कार’ के तहत 50 हजार रुपये नकद एवं रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई। अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को उत्कृष्ट थाना संचालन के लिए ‘शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार’ के तहत 50 हजार रुपये नकद एवं बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड से सम्मानित किया गया। उप पुलिस अधीक्षक अजाक बिलासपुर डी.आर. टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ के तहत 25 हजार रुपये नकद एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।

केंद्रीय बलों सहित विभिन्न टुकड़ियों ने किया मार्च पास्ट

समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री, कोरबा विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई। परेड में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी तथा विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान रहा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments