Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedबदलाव ज़रूरी है — महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ CPI...

बदलाव ज़रूरी है — महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ CPI का जनसंपर्क अभियान

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) की पानीपत जिला कौंसिल की ओर से “बदलाव ज़रूरी है” जनसंपर्क अभियान के तहत बुधवार को सुभाष कॉलोनी, चांदनी बाग और कटारिया कॉलोनी में जनसभाओं व नुक्कड़ बैठकों का आयोजन किया गया। कटारिया मंदिर के पास कामरेड रामनाथ के निवास स्थान पर आयोजित सभा की अध्यक्षता जिला कौंसिल सदस्य कामरेड शीश राम तोमर ने की, जबकि संचालन जिला सचिव कामरेड पवन सैनी एडवोकेट ने किया।
सीपीआई हरियाणा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य कामरेड राम रतन एडवोकेट ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। छोटे दुकानदारों, व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और मेहनतकश लोगों को घटते कारोबार तथा बढ़ती लागत के कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं और उनके भविष्य पर गंभीर असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और मजदूरों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर जनता के टैक्स के धन का बड़ा हिस्सा सरकारी प्रचार और राजनीतिक रैलियों पर खर्च किया जा रहा है। दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार तथा भ्रष्टाचार की घटनाएं भी चिंता का विषय हैं।
जिला सचिव कामरेड पवन सैनी एडवोकेट ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तथा जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने देशभर में “बदलाव ज़रूरी है” जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 6 अगस्त से पदयात्राओं, जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का समापन 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा के साथ होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
सभा के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निम्बरी, ताजपुर, मौहाली और रामनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं कीं तथा लोगों के बीच पर्चे वितरित कर अभियान का संदेश पहुंचाया।
इस अवसर पर रुपेश सैनी, शीश राम तोमर, ओम प्रकाश कश्यप, लख्मीचंद, रामबीर तथा खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव कामरेड भूपेन्द्र कश्यप सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments