
पांच खिलाड़ियों ने जीते दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदक, कोच नंदकिशोर साहू सम्मानित
धमतरी में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित 12वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में बचेली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दंतेवाड़ा जिले का नाम रोशन किया। कोच नंदकिशोर साहू के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल पांच खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।
जूनियर वर्ग के 84 किलोग्राम भार वर्ग में श्रुति साहू ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, सीनियर वर्ग के 84 किलोग्राम भार वर्ग में शिप्रा बिस्वास ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक हासिल किए। इसी वर्ग में दीपाली सरकार ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
64 किलोग्राम सीनियर वर्ग में शोभा बघेल ने कांस्य पदक जीता, जबकि 74 किलोग्राम जूनियर वर्ग में चितरंजन दास ने कांस्य पदक हासिल कर जिले की उपलब्धियों में एक और सफलता जोड़ी।
प्रतियोगिता के दौरान पॉवर लिफ्टिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कोच नंदकिशोर साहू को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बचेली के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर एनएमडीसी, नगर के जनप्रतिनिधियों तथा वेटलिफ्टिंग संघ बचेली के पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

