छत्तीसगढ़ में गुरु रविदास जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा, रायपुर में होगा गुरु रविदास चौक का नामकरण
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै
छत्तीसगढ़ प्रभारी
रायपुर छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ सरकार ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सम्मान में कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ करते हुए राज्य के सामाजिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में गुरु रविदास जयंती को राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही राजधानी रायपुर के एक प्रमुख चौक का नामकरण संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के नाम पर किए जाने तथा उनके नाम से राज्य अलंकरण पुरस्कार स्थापित करने की घोषणा भी की गई। इन निर्णयों का सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ ने स्वागत करते हुए इसे समाज के सम्मान, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय समाज की लंबे समय से चली आ रही मांगों की पूर्ति है। इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार मिर्धा, सर्व रविदास समाज के अध्यक्ष श्री विजय मेहरा, प्रदेश सचिव श्री नंदूराम राडेकर, के.एल. चौधरी, संत श्री के.आर. पैग्वार, दुखुराम हठीले, खेमराज बाकरे, राजू मिर्धा, प्रीति रोहिदास, वासुदेव कोठारी, जैन पनागर, सिद्ध राम खरे, संजय लांझी सहित अनेक सामाजिक प्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय समाज के सम्मान, एकता और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान प्रदान करेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।



