Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedसड़क पर मवेशी छोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सड़क पर मवेशी छोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एमसीबी में एसडीएम लिंगराज सिदार ने पशुपालकों को दी चेतावनी, सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

एमसीबी, 3 अगस्त 2026। जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जनपद पंचायत सभा कक्ष में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार की अध्यक्षता में पशुपालकों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क पर खुले घूमने वाले मवेशियों से उत्पन्न हो रही समस्याओं, दुर्घटनाओं तथा न्यायालय एवं शासन के दिशा-निर्देशों के प्रभावी पालन पर विस्तृत चर्चा की गई।

एसडीएम लिंगराज सिदार ने कहा कि सड़क पर खुले छोड़े गए मवेशी यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ आम नागरिकों के जीवन के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख मार्गों पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है।

उन्होंने पशुपालकों से अपने मवेशियों को खुले में छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखने और उनके उचित रखरखाव की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई पशुपालक अपने मवेशियों को सड़क पर छोड़ता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

बैठक में अधिकारियों ने उच्च न्यायालय के आदेशों एवं शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पर आवारा मवेशियों की समस्या का समाधान सभी संबंधित विभागों और नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। प्रशासन लगातार निगरानी रखेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करेगा।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निकाय, पशु चिकित्सा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से विशेष अभियान चलाकर सड़क पर घूमने वाले मवेशियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही पशुपालकों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई कि सड़क पर आवारा मवेशी दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पशु चिकित्सा विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी, बड़ी संख्या में पशुपालक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments