Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedस्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 179वां पर्यावरण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान संपन्न

स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 179वां पर्यावरण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान संपन्न

पौधारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण और गाजर घास उन्मूलन के लिए प्रदेशभर में चलाए गए अभियान, लोगों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

भिलाई, 2 अगस्त। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में लगातार 179वें सप्ताह पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति तथा गाजर घास उन्मूलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शिवनाथ नदी घाट, मुक्ति धाम, शिव दुर्गा मंदिर, श्री मनोकामेश्वर मंदिर, कपिश्वर धाम, महादेव घाट रायपुर, शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, ग्राम अंजोरा दुर्ग तथा रिसाली और तालपुरी क्षेत्र में समिति के सदस्यों ने सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक, पानी की बोतलें, गुटखा पाउच, पूजा सामग्री, शराब की बोतलें एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया। साथ ही पूर्व में लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल भी की गई।

तालपुरी में प्रभारी कुंवर सिंह देशमुख के नेतृत्व में मित्रता दिवस के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने पौधारोपण एवं बीजारोपण किया। इस दौरान बारिश के बीच पौधारोपण कर रहे छात्र अक्षत ने कहा कि “हमें बारिश से कोई फर्क नहीं पड़ता, यह पानी पौधों के लिए जरूरी है।” छात्र की पर्यावरण के प्रति इस सोच की सभी ने सराहना की।

अभियान के दौरान समिति ने सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, नदी-तालाबों एवं उद्यानों में स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण, पौधारोपण, नशामुक्ति और गाजर घास उन्मूलन के लिए लोगों को जागरूक किया। बैनर, स्लोगन और नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और पूजा सामग्री नदी-तालाबों में विसर्जित न करने की अपील की गई।

संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति पिछले पांच वर्षों से लगातार स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण हमेशा उपयुक्त स्थान पर तथा मजबूत ट्री गार्ड में किया जाना चाहिए, ताकि पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने नगर निगम से शिवनाथ नदी मुक्ति धाम महमरा एनीकट क्षेत्र में एकत्रित कचरे को शीघ्र हटाने की मांग भी की।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि समिति समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति एवं गाजर घास उन्मूलन के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहभागी बनने की अपील की।

अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल, टीनल हरदेल, चितरंजन दुर्गा देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, गिरिश सुकतेल, राजेंद्र साहू, कार्तिक राम चंद्राकर, भानु सिंह साहू, श्वेता जैन, निकिता जयेश शिंगणे, सरोज टहनगुरिया, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, कुंवर सिंह देशमुख सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments