Tuesday, July 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबस्ती में चलती रोडवेज बस में लगी भीषण आग, यातायात प्रभारी कुलदीप...

बस्ती में चलती रोडवेज बस में लगी भीषण आग, यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा; सभी यात्री सुरक्षित

मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (NH-28) स्थित पटेल चौक के पास मंगलवार दोपहर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बस संख्या UP78LN1370 में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने स्थानीय लोगों और राहगीरों के सहयोग से तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया। बस के चालक एवं परिचालक विनय त्रिवेदी की सतर्कता तथा पुलिस की तत्परता के चलते बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने पुलिस एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने शीघ्र ही सामान्य करा दिया। वर्तमान में मार्ग पर आवागमन सुचारू रूप से जारी है।

यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई और यात्रियों की समझदारी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसी किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय प्रशासन का सहयोग करें।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा यातायात पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे समयबद्ध और सराहनीय प्रयास बताया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments