
सामान्य औसत का 87.1 प्रतिशत बारिश, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे आगे तो मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सबसे पीछे
रायपुर, 21 जुलाई। छत्तीसगढ़ में मानसून का दौर जारी है और प्रदेश में 1 जून से 21 जुलाई 2026 तक औसतन 356.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार यह इस अवधि की सामान्य औसत वर्षा 408.7 मिलीमीटर का 87.1 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में औसतन 21.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिसमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला 69.4 मिलीमीटर बारिश के साथ सबसे आगे रहा।
प्रदेश में अब तक हुई वर्षा के आंकड़े बताते हैं कि मैदानी और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में मानसून सामान्य से बेहतर रहा है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 576.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य औसत का 181.4 प्रतिशत है। इसके बाद जांजगीर-चांपा में 512.0 मिलीमीटर (120.4 प्रतिशत), बलौदाबाजार में 453.4 मिलीमीटर (119.7 प्रतिशत), बिलासपुर में 440.5 मिलीमीटर (114.1 प्रतिशत), महासमुंद में 427.3 मिलीमीटर (112.4 प्रतिशत), मुंगेली में 417.7 मिलीमीटर (110.4 प्रतिशत) तथा रायपुर में 395.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य का 112.6 प्रतिशत है।
अन्य जिलों में गरियाबंद में 435.7 मिमी, सक्ती में 419.8 मिमी, कोरबा में 409.7 मिमी, बलरामपुर में 391.8 मिमी (सामान्य का 160 प्रतिशत), नारायणपुर में 384.8 मिमी, दुर्ग में 357.7 मिमी, कोरिया में 356.0 मिमी, रायगढ़ में 353.3 मिमी, धमतरी में 349.2 मिमी, बालोद में 347.7 मिमी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 337 मिमी, दंतेवाड़ा में 438.9 मिमी, सूरजपुर में 313 मिमी, राजनांदगांव में 303.3 मिमी, जशपुर में 301.4 मिमी, बस्तर में 298.0 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 274.2 मिमी, कोंडागांव में 263.8 मिमी, कांकेर में 261.2 मिमी, बेमेतरा में 253.1 मिमी तथा कबीरधाम में 240.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
दूसरी ओर दक्षिण बस्तर और कुछ अन्य जिलों में अब भी सामान्य से कम वर्षा हुई है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अब तक केवल 203.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत का मात्र 40.4 प्रतिशत है। इसके अलावा सुकमा में 304.5 मिलीमीटर (45.8 प्रतिशत), बीजापुर में 359.7 मिलीमीटर (49.3 प्रतिशत), कांकेर में 261.2 मिलीमीटर (50.8 प्रतिशत), कोंडागांव में 263.8 मिलीमीटर (56.5 प्रतिशत), बस्तर में 298.0 मिलीमीटर (60.7 प्रतिशत) तथा सरगुजा में 185.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य का 65.9 प्रतिशत है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्षा के अद्यतन आंकड़ों के आधार पर संबंधित जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं, ताकि संभावित बाढ़ अथवा कम वर्षा की स्थिति में समय रहते आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

