

“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत थाना परिसर से बस स्टैंड तक निकाली गई रैली, लगभग 300 नागरिक हुए शामिल
संवाददाता- सत्यशील गोंडाने, बालाघाट
रामपायली/बालाघाट। “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत रामपायली थाना पुलिस द्वारा शनिवार को नगर में व्यापक जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। अभियान में पुलिस अधिकारियों, विद्यालय के विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली की शुरुआत थाना रामपायली परिसर से हुई। यह बस स्टैंड, हाई स्कूल चौक, श्री राम बालाजी मंदिर, कौलीवाड़ा बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 नागरिकों की सहभागिता रही।
रैली का नेतृत्व थाना प्रभारी ने किया। इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर, एएसआई कुलस्ते, समरती, रजनी रज्जक, शिवानी, मनोज पटले सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने हाथों में जनजागरूकता तख्तियां लेकर नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा युवाओं से समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त करने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
रैली के दौरान “नशे से दूरी है ज़रूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” जैसे नारों से पूरा नगर गूंज उठा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। रामपायली पुलिस की यह पहल नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में सामने आई।

