Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedबेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 260 छात्राओं को मिला आत्मरक्षा...

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 260 छात्राओं को मिला आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

नर्रा के शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम, छात्राओं को सिखाए गए सुरक्षा और आत्मविश्वास के गुर

महासमुंद, 17 जुलाई 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण केंद्र के तत्वावधान में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नर्रा में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना रहा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेंद्र जटवार के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 260 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए आपात स्थिति में सूझबूझ, आत्मविश्वास और साहस के साथ स्वयं की सुरक्षा करने के प्रभावी तरीके बताए।

प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं, सतर्कता बरतने के उपाय तथा विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया और आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सीखकर अपने अनुभव साझा किए।

विद्यालय के प्राचार्य ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल बेटियों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाते हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और साहस को भी नई मजबूती प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण केंद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग महासमुंद तथा प्रशिक्षण दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित करने की बात कही।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments