Thursday, July 16, 2026
HomeUncategorizedमुख्यमंत्री ने माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली अमिता श्रीवास को दी बधाई

मुख्यमंत्री ने माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली अमिता श्रीवास को दी बधाई

मुख्यमंत्री बोले- अमिता की ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व, युवाओं और बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को जांजगीर-चांपा जिले की होनहार पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर इतिहास रचने वाली अमिता श्रीवास को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक गोमती साय भी उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता श्रीवास ने अपने साहस, अदम्य इच्छाशक्ति, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर भारत का तिरंगा लहराकर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमिता श्रीवास की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है।

उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चांपा जिले की निवासी पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने 22 मई को समुद्र तल से 8,848.86 मीटर ऊंची विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments