
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा बोले— बच्चों की शिक्षा सबसे बड़ा निवेश, प्रशासन हर कदम पर देगा साथ
धमतरी, 11 जुलाई। कुरूद विकासखंड के ग्राम सेलदीप में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित विशेष कार्यक्रम सामाजिक भागीदारी की प्रेरक मिसाल बनकर उभरा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से शिक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संदेश दिया गया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि किसी भी समाज का भविष्य उसके बच्चों की शिक्षा पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि ग्राम सेलदीप में ग्रामीणों एवं मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि गांव के लोग अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सजग हैं। जब पूरा समुदाय विद्यालय के विकास की जिम्मेदारी उठाता है तो सीमित संसाधनों वाला विद्यालय भी उत्कृष्ट संस्थान बन सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व ग्राम परखंदा में भी इसी प्रकार का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया था और अब सेलदीप की पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नैतिक मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा सबसे बड़ा निवेश है। आज शिक्षा पर किया गया निवेश भविष्य में परिवार और समाज दोनों के लिए अमूल्य संपत्ति सिद्ध होगा।
कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन कुरूद क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज, आईटीआई, बी.एड. कॉलेज तथा पॉलिटेक्निक जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की दिशा में कार्य कर रहा है। इन संस्थानों के शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा तथा कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति योजना तथा श्रम विभाग की शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक इनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि सेलदीप का यह आयोजन पूरे जिले के लिए अनुकरणीय पहल है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। विद्यालय के विकास एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सहयोग देने वाले दानदाताओं, समाजसेवियों और सहयोगकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने तथा प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से विद्यालय से जोड़ने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, उप संचालक पंचायत नकुल वर्मा, सहायक संचालक शिक्षा यदुनंदन वर्मा, प्राचार्य बी.पी. चंद्र सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

