
एनएमसी की मंजूरी के बाद कुल सीटें 250 हुईं, चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश को बड़ी सौगात
रायपुर। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (जेएनएम) मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने को मंजूरी प्रदान कर दी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष विश्वविद्यालय से संबद्ध इस मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एमबीबीएस सीटों की संख्या 230 से बढ़ाकर 250 कर दी गई है।
एमएआरबी द्वारा 10 जुलाई 2026 को जारी अनुमति पत्र के अनुसार मेडिकल कॉलेज में 20 नई एमबीबीएस सीटों की वृद्धि की गई है। इससे प्रदेश के अधिक विद्यार्थियों को अपने ही राज्य में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
वर्ष 1963 में 60 एमबीबीएस सीटों के साथ स्थापित जेएनएम मेडिकल कॉलेज ने समय के साथ अपनी प्रवेश क्षमता में लगातार वृद्धि की है। प्रारंभिक 60 सीटों से बढ़कर यह संख्या 100, वर्ष 2009 में 150, वर्ष 2019 में 180, वर्ष 2023 में 230 तथा अब नवीनतम स्वीकृति के बाद 250 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि एमबीबीएस सीटों में वृद्धि से प्रदेश के युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें राज्य के बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

