Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedछत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से लगभग दोगुनी...

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से लगभग दोगुनी वर्षा दर्ज

10 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य वर्षा का 89.1 प्रतिशत रिकॉर्ड, कई जिलों में अच्छी बारिश तो कुछ क्षेत्रों में अब भी मानसून कमजोर

रायपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 1 जून से 10 जुलाई 2026 तक औसतन 256.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो इस अवधि की सामान्य औसत वर्षा 287.4 मिलीमीटर का 89.1 प्रतिशत है। शुक्रवार को प्रदेश में औसतन 7.0 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। राज्य में मानसून का प्रभाव अलग-अलग जिलों में असमान रूप से देखने को मिल रहा है। जहां कुछ जिलों में सामान्य से कहीं अधिक वर्षा हुई है, वहीं कई जिले अब भी पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

बारिश के मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पूरे प्रदेश में सबसे आगे है। यहां अब तक 465.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो जिले की सामान्य औसत वर्षा 233.9 मिलीमीटर का 198.9 प्रतिशत है। इसके अलावा बलरामपुर में 132.2 प्रतिशत, सक्ती में 123.1 प्रतिशत, दंतेवाड़ा में 119.9 प्रतिशत तथा रायपुर में 118.3 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। इन जिलों में सामान्य से अधिक बारिश होने से जलाशयों में जलभराव बढ़ा है और कृषि गतिविधियों को भी गति मिली है।

इसके विपरीत दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में मानसून अब भी कमजोर बना हुआ है। सुकमा जिले में अब तक केवल 220.6 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य औसत 429.6 मिलीमीटर का मात्र 51.4 प्रतिशत है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में भी अब तक केवल 54.7 प्रतिशत वर्षा ही दर्ज की गई है, जिससे इन क्षेत्रों में अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को वर्षा नहीं हुई, लेकिन अब तक 296.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज होने के साथ जिला सामान्य वर्षा के 118.3 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। दुर्ग जिले में शुक्रवार को 3.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अब तक कुल 281.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज होने से जिला सामान्य वर्षा के 111.4 प्रतिशत स्तर पर है। जशपुर में शुक्रवार को 17.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे वहां कुल वर्षा 227.9 मिलीमीटर अर्थात सामान्य का 76.6 प्रतिशत हो गई है।

न्यायधानी बिलासपुर में शुक्रवार को 5.5 मिलीमीटर तथा बस्तर जिले में 8.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके बावजूद दोनों जिले अब तक क्रमशः सामान्य वर्षा के 79.1 प्रतिशत और 78.4 प्रतिशत स्तर पर हैं। वहीं सरगुजा जिले में 7.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज होने के बाद भी कुल वर्षा 136.5 मिलीमीटर तक ही पहुंच सकी है, जो सामान्य औसत का केवल 65 प्रतिशत है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मानसून की गतिविधियों के आधार पर वर्षा के आंकड़ों में और परिवर्तन होने की संभावना है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments