
मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट
बालाघाट। जिला शिक्षा केन्द्र बालाघाट ने विकासखंड अकादमिक समन्वयक (बीएसी) एवं जनशिक्षक के रिक्त पदों पर प्रतिनियुक्ति के लिए पात्र शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह प्रक्रिया राज्य शिक्षा केन्द्र, भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है। इसके तहत स्कूल शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति कल्याण विभाग की शालाओं में कार्यरत उच्च श्रेणी शिक्षक तथा माध्यमिक शाला शिक्षक आवेदन करने के पात्र होंगे।
सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक जी.पी. बर्मन ने बताया कि प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदक की आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 52 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र अभ्यर्थियों का चयन विषयवार वरिष्ठता के आधार पर काउंसलिंग के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन जमा करने की प्रक्रिया 7 जुलाई से प्रारंभ होकर 11 जुलाई 2026 तक चलेगी। इच्छुक शिक्षक निर्धारित आवेदन प्रारूप भरकर संबंधित संकुल प्राचार्य के माध्यम से जिला शिक्षा केन्द्र, बालाघाट में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध कोई विभागीय जांच, आपराधिक प्रकरण या लंबे समय तक अनधिकृत अनुपस्थिति का मामला लंबित नहीं होना चाहिए। साथ ही आवेदक का शारीरिक रूप से दायित्वों के निर्वहन के लिए सक्षम होना भी आवश्यक है।
जिला शिक्षा केन्द्र ने आवेदन के लिए निर्धारित प्रारूप भी जारी किया है, जिसमें अभ्यर्थियों को पदनाम, सेवा संबंधी विवरण, विषय समूह, वरिष्ठता सहित अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों की संख्या में परिवर्तन किया जा सकता है।
जिला शिक्षा केन्द्र ने पात्र शिक्षकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है, ताकि चयन प्रक्रिया नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न की जा सके।

