Monday, July 27, 2026
HomeUncategorizedसेवानिवृत्ति पर कामेश्वर प्रसाद गोकुलपुरे का भव्य सम्मान, 44 वर्षों की शैक्षणिक...

सेवानिवृत्ति पर कामेश्वर प्रसाद गोकुलपुरे का भव्य सम्मान, 44 वर्षों की शैक्षणिक सेवा को किया गया नमन

मलाजखंड, बालाघाट। शासकीय सांदीपनि विद्यालय, मलाजखंड के वरिष्ठ शिक्षक एवं म.प्र. शिक्षक संघ के वरिष्ठ सदस्य कामेश्वर प्रसाद गोकुलपुरे के सेवानिवृत्त होने पर कॉपर क्लब हॉल, मलाजखंड में गरिमामय स्नेह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। लगभग 43 वर्ष 10 माह 12 दिन की उत्कृष्ट शासकीय सेवा पूर्ण करने पर आयोजित इस समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्यजन, शिक्षक, सामाजिक प्रतिनिधि एवं शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने पुष्पमालाएं, शॉल-श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर कामेश्वर प्रसाद गोकुलपुरे का सम्मान किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके सरल, सौम्य, कर्तव्यनिष्ठ एवं सहयोगी व्यक्तित्व ने उन्हें विद्यार्थियों, सहकर्मियों और समाज के बीच विशेष सम्मान दिलाया।

वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि समाज के भविष्य का निर्माण करता है। कामेश्वर प्रसाद गोकुलपुरे ने अपने समर्पण, ईमानदारी और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता से हजारों विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा देने का कार्य किया है। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

समारोह में गोकुलपुरे परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, बिरसा विकासखंड की विभिन्न संकुल शालाओं के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय, दीर्घायु एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।

कामेश्वर प्रसाद गोकुलपुरे का जन्म 25 जून 1964 को ग्राम सिंगोड़ी (रामपायली) में हुआ। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सिंगोड़ी एवं रामपायली में प्राप्त करने के बाद बी.एससी., बी.ए. तथा इतिहास विषय में एम.ए. की उपाधि हासिल की। अपने दीर्घ शिक्षकीय जीवन में उन्होंने अनेक विद्यालयों में उत्कृष्ट सेवाएं देकर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

समारोह के अंत में म.प्र. शिक्षक संघ, विकासखंड बिरसा एवं समस्त शिक्षकगण की ओर से कामेश्वर प्रसाद गोकुलपुरे को सेवानिवृत्ति पर हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ, सुखद एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की गई। समारोह का वातावरण सम्मान, आत्मीयता और भावुक क्षणों से सराबोर रहा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments