Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedअनपूर्णा कॉलोनी में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की नई शाखा का शुभारंभ,...

अनपूर्णा कॉलोनी में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की नई शाखा का शुभारंभ, आध्यात्मिक चेतना का नया केंद्र बना क्षेत्र

बिलासपुर। अनपूर्णा कॉलोनी, शांति विहार गली नंबर 1 में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, हेमू नगर द्वारा नई शाखा का शुभ उद्घाटन समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहनों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर पूजा विधानी रहीं। स्थानीय पार्षद अब्दुल इब्राहिम खान एवं रेलवे परिक्षेत्र के पार्षद श्रीनू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं उसलापुर, हेमू नगर एवं देवरी खुर्द की संचालिकाएँ क्रमशः बीके छाया दीदी, बीके लता दीदी एवं बीके उमा दीदी ने आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से शांति, सकारात्मक सोच, आत्मिक जागृति एवं मानवीय मूल्यों का संदेश दिया।

इस अवसर पर पार्षद अब्दुल इब्राहिम खान ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में समाज को आध्यात्मिक मूल्यों, नैतिक शिक्षा और आत्मिक शांति की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा नई शाखा का शुभारंभ केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि समाज में संस्कार, सद्भाव, आत्मविश्वास और सकारात्मक विचारों का दीप प्रज्वलित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र युवाओं, महिलाओं एवं सभी वर्गों के लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए समाज में नैतिक मूल्यों को सशक्त बनाने का कार्य करेगा।

महापौर पूजा विधानी सहित सभी अतिथियों ने नई शाखा के संचालन एवं जनसेवा से जुड़े आध्यात्मिक कार्यों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उपस्थित नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी एवं जनकल्याणकारी कदम बताया।

कार्यक्रम का समापन विश्व शांति, मानव कल्याण एवं नई शाखा के सफल संचालन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने इस आध्यात्मिक केंद्र के माध्यम से समाज में प्रेम, शांति, भाईचारे और नैतिक मूल्यों के प्रसार का संकल्प व्यक्त किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments