

बिलासपुर, 27 जून 2026। सीपत थाना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.88 किलोग्राम चांदी के जेवर, 13.30 ग्राम सोने के जेवर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 6.80 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 की शाम रमेश ज्वेलर्स के संचालक दुकान बंद कर रहे थे। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति सोने-चांदी के आभूषण एवं एक लाख रुपये नकदी से भरे दो बैग लेकर अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया। घटना के बाद सीपत थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसीसीयू और सीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा लगातार आरोपियों की तलाश करती रही। जांच के दौरान पेंड्रा के एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में इस चोरी का खुलासा हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने रमेश ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी खुशीराम साहू, मनीष उर्फ राहुल मंडल और राजाराम साहू को गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के कुछ चांदी के जेवर खुशीराम साहू ने बलौदा बाजार जिले के ग्राम सेल निवासी दीपक वर्मा को बेच दिए थे। पुलिस ने खरीदार दीपक वर्मा को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद कर लिए।
इसके अलावा राजाराम साहू से एक जोड़ी चांदी की पायल एवं दो सोने के टॉप्स जब्त किए गए, जबकि घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी मनीष उर्फ राहुल मंडल के कब्जे से चोरी की संपत्ति का कुछ हिस्सा और हथियार पूर्व में देवघर रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस द्वारा जब्त किया जा चुका है।
सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान एसीसीयू बिलासपुर एवं थाना सीपत की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

