Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorized21.68 करोड़ के ‘राजा भोज’ आरओबी का लोकार्पण, बालाघाट को जाम से...

21.68 करोड़ के ‘राजा भोज’ आरओबी का लोकार्पण, बालाघाट को जाम से मिली राहत

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट। बालाघाट-वारासिवनी-कटंगी मुख्य मार्ग पर वैनगंगा नदी पुल के समीप रेलवे क्रॉसिंग बीके-09 पर निर्मित 21 करोड़ 68 लाख रुपये लागत के रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का लोकार्पण स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह द्वारा किया गया। लोकार्पण के साथ ही वर्षों से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

करीब 746 मीटर लंबे इस ओवरब्रिज के शुरू होने से अब वाहनों को रेलवे फाटक पर रुकने की आवश्यकता नहीं होगी। रेलवे की मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग बीके-09 को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। लंबे समय से इस मार्ग पर जाम की समस्या के कारण नागरिकों, व्यापारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उदय प्रताप सिंह ने कहा कि ‘राजा भोज ओवरब्रिज’ केवल एक पुल नहीं बल्कि बालाघाट जिले के विकास की नई दिशा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक कार्य हुए हैं और बालाघाट भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा।

सांसद भारती पारधी ने कहा कि जिले में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि भटेरा रोड पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के कार्य को गति दी जा रही है तथा बैहर रोड पर नए ओवरब्रिज निर्माण के लिए भी प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि यह पुल बदलते और विकसित होते बालाघाट का प्रतीक है।

कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। आयुष्मान भारत योजना तथा गंभीर मरीजों के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए इन्हें आमजन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

लोकार्पण समारोह में विधायक गौरव सिंह पारधी, राजकुमार कर्राहे, पूर्व मंत्री रामकिशोर नानो कावरे, गौरीशंकर बिसेन, प्रदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरस्वार, कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments