मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सल्टौआ गोपालपुर ब्लॉक के विशुनपुरवा गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित मिलने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल बन गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
प्राप्त वीडियो में प्रतिमा के कई हिस्से टूटे हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही घटनास्थल पर पुलिस बल की मौजूदगी और ग्रामीणों की भीड़ भी नजर आ रही है।
घटना की सूचना मिलने पर वाल्टरगंज थाना प्रभारी सूर्यप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी गई। मौके पर तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी प्रशांत भूषण, कानूनगो, लेखपाल सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम भी पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए तथा ग्रामीणों से संवाद किया गया। स्थानीय लोगों की भावनाओं को देखते हुए प्रशासन द्वारा नई प्रतिमा स्थापित कराई गई।
पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि गांव में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और जिम्मेदार व्यक्तियों का पता लगाने में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
नोट: उपलब्ध वीडियो में प्रतिमा के खंडित हिस्से और पुलिस की मौजूदगी दिखाई देती है, लेकिन प्रतिमा को किसने और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त किया, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

