Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorized13 शासकीय राशन दुकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश,...

13 शासकीय राशन दुकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट जिले में पिछले डेढ़ माह से शासकीय उचित मूल्य दुकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 250 क्विंटल गेहूं और चावल, चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से राशन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने थाना गढ़ी, बैहर, बिरसा एवं मलाजखंड क्षेत्रों में हुई कुल 13 चोरी की वारदातों का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी योजनाबद्ध तरीके से ग्रामीण क्षेत्रों की शासकीय राशन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य का खाद्यान्न चोरी कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार घुईटोला, पत्ता, मजगांव, डुडगांव, करेली, खुसीपार, कटंगीपुर, पल्हेरा, परसाही और सुरुवाही सहित विभिन्न ग्रामों की राशन दुकानों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोपी रात के समय दुकानों के ताले, शटर और चैनल गेट तोड़कर खाद्यान्न की बोरियां चोरी कर ले जाते थे।

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और नाकाबंदी के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की। मलाजखंड थाना क्षेत्र के पल्हेरा स्थित राशन दुकान में चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी की। इसी दौरान बछेरा-पापा-भोरा जंगल मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं तथा पिछले दो माह से कबाड़ कारोबार की आड़ में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे थे। दिन में मोटरसाइकिल से गांव-गांव जाकर राशन दुकानों की रेकी की जाती थी और रात में सुनसान तथा बिना सीसीटीवी वाली दुकानों को निशाना बनाया जाता था। चोरी किया गया खाद्यान्न गांव से बाहर सुरक्षित स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में सानू मंसूरी (27), रज्जन वर्मा (26) निवासी कबीरधाम (छत्तीसगढ़) तथा सद्दाम शाह (28) और रिजवान शाह (28) निवासी जालौन (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों का रिमांड प्राप्त कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-20-ज़ेडटी-5980 सहित लगभग 250 क्विंटल गेहूं और चावल बरामद किया है। इसे जिले में राशन चोरी से जुड़ी सबसे बड़ी बरामदगी माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 के दौरान बैहर, गढ़ी, बिरसा एवं मलाजखंड थाना क्षेत्रों में हुई कुल 13 चोरी की घटनाओं का खुलासा हो चुका है। इस कार्रवाई में एसआईटी, साइबर सेल, एसएसयू स्टाफ और संबंधित थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब शासकीय राशन दुकानों की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी तथा गरीबों के हक पर डाका डालने वाले तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments