Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedविश्व पर्यावरण दिवस पर सांदीपनि विद्यालय में हुआ पौधारोपण, एनसीसी कैडेट्स ने...

विश्व पर्यावरण दिवस पर सांदीपनि विद्यालय में हुआ पौधारोपण, एनसीसी कैडेट्स ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | (बालाघाट)

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय वारासिवनी में एनसीसी कैडेट्स द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में अशोक, नीम, पारिजात, आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

यह कार्यक्रम 6 एम.पी. बटालियन बालाघाट के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कमल गुप्ता के मार्गदर्शन तथा संस्था के प्राचार्य हुमराज पटले के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन को भी समृद्ध बनाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संवर्धन के लिए भी विशेष योजना बनाई गई।

कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी अन्नू एम. राहंगडाले सहित लखन रिनायत, वंदना शर्मा, प्रवीण राणा, शरद सोनी, प्रियंका देशमुख, कमल टेम्भरे, देलेनसिंग तुरकर, राम चौहान, डेलेन्द्र मेश्राम, अमित डोंगरे तथा विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments