धार्मिक प्रवचन के नाम पर पढी लिखी हाई प्रोफाइल लडकियों को शिकार बनाता था अभिषेक मिश्रा।
मूकनायक न्यूज/ मथुरा/ उत्तर प्रदेश।
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाला और आईआईटी रुड़की का पूर्व छात्र अभिषेक मिश्रा उर्फ “आईटियन बाबा” को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बाबा पर धर्म और आध्यात्म की आड में कई युवतियों के शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग जैसे बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। इस खुलासे के बाद से देशभर में हड़कंप मच गया है। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि इस मोबाइल में कई युवतियों के आपत्तिजनक व अश्लील फोटो और वीडियो मिले हैं। पुलिस इन सभी डेटा को केस का मुख्य डिजिटल सबूत मान रही है और पूरे डेटा की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि डिलीट किए गए सबूतों को भी रिकवर किया जा सके। कौन है ‘आईटियन बाबा’ और क्या हैं आरोप? आरोपी अभिषेक मिश्रा मूल रुप से ओडिशा का हैं और आईआईटी रुड़की का पूर्व छात्र है, 2017 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग से बीटेक पास आउट हैं जिसने ‘आईआईटी’ के टैग का इस्तेमाल करके खुद को ब्रांड बनाने के लिए किया।सोशल मीडिया पर युवाओं को अध्यात्म और मोटिवेशनल प्रवचन देकर प्रभावित करता था। वह युवाओं को यह कहकर रिझाता था कि विज्ञान और अध्यात्म को एक साथ कैसे जिया जाए। अंग्रेजी और हिंदी के घालमेल वाले उसके प्रवचन युवाओं और विशेषकर पढ़ी-लिखी युवतियों को जल्दी प्रभावित कर लेते थे।कई पीड़ित युवतियों ने हिम्मत दिखाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि बाबा ने धर्म और अध्यात्म की आड़ में उनका शारीरिक और मानसिक शोषण किया।पीड़ितों का आरोप है कि बाबा पहले उन्हें एकांत में साधना या विशेष आध्यात्मिक सत्र के बहाने बुलाता और प्रसाद के बहाने नशीला दुध पिलाकर रेप करता था। इसके बाद वह युवतियों के विश्वास का फायदा उठाकर उनका शारीरिक और मानसिक शोषण करता था। विरोध करने पर उन्हें समाज में बदनाम करने या उनके करियर को बर्बाद करने की धमकी दी जाती थी।यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर बाबा के प्रवचनों और मोटिवेशनल वीडियो को खूब शेयर किया जाता था, जिसकी आड़ में उसने अपना यह साम्राज्य खड़ा किया।गिरफ्तारी के बाद से ही इंटरनेट पर बाबा के पुराने प्रवचनों के वीडियो और उसकी असलियत को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है।मथुरा पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियों को बेहद बारीकी से जोड़ रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल डेटा, पीड़ितों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुख्ता चार्जशीट तैयार की जा रही है। एसपी देहात ने साफ किया है कि कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद कोर्ट में सभी साक्ष्य पेश किए जाएंगे।

