Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedमतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों पर राज्य निर्वाचन आयोग की समीक्षा

मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों पर राज्य निर्वाचन आयोग की समीक्षा

समय-सीमा में पुनरीक्षण कार्य पूर्ण करने के निर्देश, दावे-आपत्तियों के निराकरण पर जोर

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल के निर्देशानुसार नगरपालिकाओं एवं पंचायतों की मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण वर्ष-2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति, दावे-आपत्तियों के निराकरण तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जी.एस. धुर्वे, निर्वाचन प्रभारी सहायक अधीक्षक दीपक चौरागड़े एवं डेटा एंट्री ऑपरेटर नितेश कुमार गायधनी उपस्थित रहे। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की समस्त प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपादित की जाएं।

समीक्षा के दौरान ERMS सॉफ्टवेयर के माध्यम से मतदाता सूची अद्यतन करने, ऑनलाइन प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण, पंचायतों के विस्थापन संबंधी प्रक्रियाओं तथा नवीन नगरीय निकायों की मतदाता सूची तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मतदाता सूची में त्रुटिरहित एवं अद्यतन प्रविष्टियां सुनिश्चित करने तथा प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जिले की छह नगरपालिकाओं में कुल 217 मतदान केंद्र हैं, जहां दावा-आपत्ति आवेदन पत्रों के 1,103 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। वहीं जिले की 10 जनपद पंचायतों में 2,158 मतदान केंद्र संचालित हैं और वहां प्राप्त 12,094 दावा-आपत्ति प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना अत्यंत आवश्यक है। आयोग के अनुसार अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू, व्यवस्थित एवं विश्वसनीय संचालन की आधारशिला है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments