


मूकनायक समाचार/सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
बालाघाट। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को वारासिवनी तहसील के ग्राम मेहदुली में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर लगभग 50 ट्रॉली अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की।
उप संचालक खनिज फरहत जहां के अनुसार तहसीलदार वारासिवनी, राजस्व अमले, जिला खनिज विभाग तथा थाना रामपायली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मेहदुली में जांच की गई। कार्रवाई के दौरान खसरा क्रमांक 242 की निजी भूमि पर धान के पैरा-पुआल के नीचे छिपाकर रखी गई लगभग 50 ट्रॉली खनिज रेत बरामद की गई।
जांच में यह भूमि विद्या प्रकाश, ओम प्रकाश, ज्ञान प्रकाश एवं वेद प्रकाश पिता हरिकुमार निवासी मेहदुली की पाई गई। वहीं रेत का भंडारण ज्ञान प्रकाश उर्फ पप्पू पटेल पिता हरिओम पटेल द्वारा किया जाना पाया गया। मौके पर रेत भंडारण संबंधी कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर अधिकारियों ने रेत को जब्त कर लिया।
जब्त रेत को ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग ने बताया कि मामले में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

