Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedसमता सैनिक दल की बैठक संपन्न, संगठन विस्तार एवं नई नियुक्तियों पर...

समता सैनिक दल की बैठक संपन्न, संगठन विस्तार एवं नई नियुक्तियों पर बनी सहमति

बालाघाट | मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने

परम् पूज्य डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा स्थापित समता सैनिक दल की जिला शाखा बालाघाट की आवश्यक बैठक रविवार को स्थानीय सम्यक बुद्ध विहार, गंगानगर बूढ़ी बालाघाट में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करने तथा जिला एवं नगर स्तर पर नई जिम्मेदारियों के वितरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का आयोजन जिला प्रभारी शीलरत्न बन्सोड के मुख्य आतिथ्य तथा जिला बौद्धिक प्रमुख अधिवक्ता आदर्श मेश्राम की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तथागत भगवान बुद्ध एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ हुई। इसके बाद संगठन की वर्तमान गतिविधियों, सामाजिक कार्यों तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से कई नई नियुक्तियां की गईं। इंजीनियर अमित वासनिक को समता सैनिक दल जिला बालाघाट का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि सिद्धार्थ बन्सोड को जिला प्रचारक की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं नगर शाखा बालाघाट के नगर अध्यक्ष पद पर सिद्धार्थ मेश्राम को नियुक्त किया गया। नियुक्तियों के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि शीलरत्न बन्सोड ने अपने संबोधन में कहा कि समता सैनिक दल केवल एक संगठन नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का आंदोलन है, जिसकी स्थापना सामाजिक समता, बंधुत्व और न्याय के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जागरूक करने, युवाओं को संविधान एवं मानवाधिकारों के प्रति शिक्षित करने तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाने की आवश्यकता है।

अध्यक्षता कर रहे अधिवक्ता आदर्श मेश्राम ने कहा कि संगठन की मजबूती ही समाज की वास्तविक ताकत होती है। उन्होंने कहा कि समता सैनिक दल ने हमेशा सामाजिक न्याय और मानवता के पक्ष में कार्य किया है तथा आने वाले समय में संगठन गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक अपनी गतिविधियों का विस्तार करेगा।

कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को “बुद्ध चरित्र चंद्रोदय” ग्रंथ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक समरसता, संगठन विस्तार तथा आगामी बौद्धिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों को लेकर भी विशेष चर्चा की गई।

बैठक में जिला महासचिव रितिक बोमारडे, जिला उपाध्यक्ष प्रीति रावतकर, जिला कोषाध्यक्ष स्नेहलता मेश्राम, जिला संगठक रोहित उके, जिला सहसंगठक वैभव भालेराव, नगर संगठक प्रतीक निकोसे, नगर सचिव आयुष गोंडाने, नगर कार्यकारिणी सदस्य गौतमा बागड़े, जिला कार्यकारिणी सदस्य राजा बिम्बिसार, गंगानगर समिति अध्यक्ष बरखा खोबरागडे, विजेंद्र गढ़पाले, वंदना गजभीये, राजेश खोबरागडे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती, सामाजिक जागरूकता तथा बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। उक्त जानकारी जिला महासचिव रितिक बोमारडे द्वारा दी गई।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments