मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। जिले के हर्रैया क्षेत्र में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। सोनुपार-दसकोलवा पेट्रोल पंप के पास अचानक एक विशाल आम का पेड़ चलती स्कॉर्पियो पर गिर पड़ा। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय मौसम अचानक खराब हो गया और तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा पुराना आम का पेड़ तेज हवा का दबाव नहीं झेल सका और गुजर रही स्कॉर्पियो पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही वाहन सड़क पर रुक गया और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
तेज आंधी का असर पूरे इलाके में देखने को मिला। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की सूचना है, जिससे बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। प्रशासन की टीमें नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं।

